मुंबई. Mumbai Banker Suicide : मुंबई से नवी मुंबई को जोड़ने वाले अटल सेतु पर आत्महत्या करने सिलसिला बढ़ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार को 40 वर्षीय बैंक मैनेजर ने अटल सेतु से समुद्र में कूदकर जान दे दी। सूचना मिलते ही शिवडी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू कर दिया। पुलिस ने बताया कि मुंबई के मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (अटल सेतु) पुल पर सोमवार सुबह करीब दस बजे सुशांत चक्रवर्ती ने एसयूवी कार खड़ी की और कथित तौर पर समुद्र में छलांग लगा दी। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रोहित खोत ने कहा की हमें यातायात विभाग से सूचना मिली, जिसके बाद समुद्र में कूदे व्यक्ति का पता लगाने के लिए टीमें घटनास्थल पर भेजी गई है।
पुलिस को मौके पर एक वाहन मिला है। जिसकी तलाशी लेने पर पता चला कि चक्रवर्ती मुंबई के परेल इलाके में अपनी पत्नी और बेटी के साथ रहते है। चक्रवर्ती की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उनके बैंक मैनेजर पति काम के भारी दबाव में थे। पुलिस के मुताबिक, सुशांत चक्रवर्ती अपनी एसयूवी कार से अटल सेतु पुल पर गए। कार को एक साइनबोर्ड के पास खड़ा किया और समुद्र में कूद गए। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने अधिकारियों को इस बात की सूचना दी। जिसके बाद शिवड़ी पुलिस व तटीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं।
अटल सेतु से चौथी आत्महत्या!
गौरतलब है कि कुछ महीनों में अटल सेतु से आत्महत्या की यह चौथी घटना सामने आई हैं। इसी माह 35 वर्षीय एक बैंकर ने अटल सेतु से कूदकर जान दे दी थी। मृतक की पहचान पुणे निवासी एलेक्स रेगी के रुप में की गई थी। तब भी परिजनों ने आरोप लगाया था कि मृतक पर काम का दबाव था। इससे पहले पहले मुलुंड की रहने वाली 56 वर्षीय महिला ने अटल सेतु से आत्महत्या करने की कोशिश की थी। कैब चालक की वजह से उसकी जान बच गई। पुलिस ने बताया कि महिला जिस किराए पर ली गई कैब से घटनास्थल पर पहुंची थी, उसी कैब के चालक ने उसे बचाया। महिला जैसे ही पुल से समुद्र में कूदी चालक ने उसके बाल पकड़ लिए। इस घटना से पहले 38 वर्षीय एक इंजीनियर ने अटल सेतु से कूदकर आत्महत्या की थी।
