
नई दिल्ली. Delhi Metro Service Suspend: अगर आप दिल्ली मेट्रो से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो अगले कुछ दिन आपके लिए परेशानी का कारण बन सकते हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने घोषणा की है कि अगले 5 दिनों तक राजधानी के येलो लाइन रूट पर मेट्रो सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित रहेंगी। यह सेवाएं 14 नवंबर रात से 19 नवंबर तक डिस्टर्ब रहेंगी, और इसका असर जनकपुरी पश्चिम से लेकर आर.के. आश्रम तक होगा। इसके पीछे का कारण 490 मीटर लंबे खंड पर चल रहे निर्माण कार्य को बताया जा रहा है।
कब से कब तक होगी मेट्रो सेवा प्रभावित?
डीएमआरसी के अनुसार, 14-15 नवंबर की रात से लेकर 19-20 नवंबर की रात तक येलो लाइन के जनकपुरी पश्चिम और आर.के. आश्रम के बीच मेट्रो सेवाएं कुछ समय के लिए बाधित रहेंगी। इस खंड पर सिविल कार्य होने के कारण मेट्रो की गति धीमी हो सकती है और कुछ सेवाएं पूरी तरह से बंद भी रह सकती हैं।
समयपुर बादली और जहांगीरपुरी के बीच भी रहेगा असर
इसके अलावा, समयपुर बादली से जहांगीरपुरी के बीच भी मेट्रो सेवाएं प्रभावित होंगी। रात 10:45 बजे से लेकर सुबह 7:02 बजे तक, इस मार्ग पर कोई मेट्रो ट्रेन नहीं चलेगी। इससे तीन प्रमुख स्टेशन- समयपुर बादली, रोहिणी सेक्टर 18-19, और हैदरपुर बादली मोड़—भी सुबह 7:02 बजे तक बंद रहेंगे।
यात्रियों के लिए जानकारी
हालांकि, जहांगीरपुरी से गुरुग्राम के मिलेनियम सिटी सेंटर तक येलो लाइन की बाकी सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी। डीएमआरसी ने यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए स्टेशन और मेट्रो के अंदर नियमित घोषणाओं की व्यवस्था की है, ताकि उन्हें ट्रेन के गंतव्य और प्लेटफार्म के बारे में सही जानकारी मिल सके।
