
टोक्यो. Train Accident in Tokyo: जापान की राजधानी टोक्यो में गुरुवार को एक बड़ी घटना सामने आई, जब एक स्टेशन के पास दो जुड़ी हुई शिंकानसेन बुलेट ट्रेनें अचानक अलग हो गईं। इस हादसे के बाद इन ट्रेनों को आपातकालीन स्थिति में रोक दिया गया, जिसके कारण पूर्वी जापान में बुलेट ट्रेन सेवाओं पर कुछ समय के लिए असर पड़ा।
पूर्वी जापान रेलवे (जेआर ईस्ट) के अनुसार, यह घटना तोहोकू शिंकानसेन लाइन पर हुई, जहां एक हायाबुसा ट्रेन और एक कोमाची ट्रेन सुबह करीब 11.00 बजे उएनो और ओमिया स्टेशनों के बीच जुड़ी हुई थीं, और अचानक अलग हो गईं। दोनों ट्रेनों को स्थानीय यात्री लाइन पर निशिनिपोरी स्टेशन के पास रोका गया, ताकि घटना की जांच की जा सके।
अच्छी खबर यह है कि इस हादसे में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के समय ट्रेन में लगभग 650 यात्री सवार थे। हायाबुसा ट्रेन के दस कोच और कोमाची ट्रेन के सात कोच टोक्यो स्टेशन से सुबह 11.20 बजे रवाना हुए थे। बाद में, इन दोनों को अलग-अलग गंतव्यों की ओर बढऩे के लिए मार्गदर्शन किया गया – हायाबुसा को तोहोकू शिंकानसेन लाइन पर शिनाओमोरी स्टेशन तक और कोमाची को अकिता शिंकानसेन लाइन पर अकिता तक यात्रा करनी थी।
घटना के बाद, जेआर ईस्ट ने तोहोकू, अकिता, यामागाटा, होकुरिकु और जोएत्सु शिंकानसेन लाइनों पर बुलेट ट्रेन सेवाओं को कुछ समय के लिए निलंबित कर दिया। हालांकि, स्थानीय समयानुसार अपराह्न 2.30 बजे के आसपास परिचालन फिर से शुरू कर दिया गया। इस घटना के बाद, रेलवे ने सुरक्षा को लेकर नए निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी कोई घटना न हो और यात्रियों को कोई परेशानी का सामना न करना पड़े।
