
नई दिल्ली. Vladimir Putin Secrets: जब दुनिया में सबसे ताकतवर और रहस्यमयी राष्ट्राध्यक्षों की गिनती होती है, तो रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का नाम हमेशा शीर्ष पर रहता है। ताकत, खुफिया रणनीति और गोपनीयता-ये तीन शब्द पुतिन की छवि को परिभाषित करते हैं। रूस पर दो दशक से ज्यादा राज करने वाले पुतिन के निजी जीवन से लेकर उनकी सुरक्षा तक, सब कुछ परदों के पीछे छिपा है। उनके पास ऐसी-ऐसी चीजें हैं, जिनके बारे में जानकर किसी जासूसी फिल्म की याद आ जाए। आइए जानते हैं पुतिन की जिंदगी के कुछ ऐसे राज, जिन पर दुनिया आज भी अटकी हुई है।
करिश्माई मगर विवादित व्यक्तित्व
पुतिन की छवि एक मजबूत और करिश्माई नेता की है, लेकिन उतनी ही रहस्यमयी भी। एक तरफ उनके समर्थक उन्हें रूस का रक्षक मानते हैं तो दूसरी तरफ आलोचक उन्हें तानाशाही का प्रतीक बताते हैं। उनकी संपत्ति से लेकर पारिवारिक जीवन तक पर कई सवाल खड़े होते हैं, मगर जवाब शायद ही किसी के पास हों। कुछ रिपोट्र्स तो उन्हें दुनिया का सबसे अमीर नेता भी कहती हैं, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी कभी पुष्टि नहीं हुई।
कितनी है पुतिन की असली दौलत?
पुतिन की संपत्ति पर अनुमान लगाना किसी पहेली को हल करने जैसा है। उनकी घोषित सालाना आय करीब 1,40,000 अमेरिकी डॉलर यानी करीब 1.2 करोड़ रुपये बताई जाती है। मगर आलोचकों का दावा है कि उनकी असली संपत्ति 40 अरब से लेकर 200 अरब डॉलर तक हो सकती है! कई बार उनके नाम आलीशान महल, निजी जेट्स और महंगी गाडिय़ों का जिक्र होता है। सेंट पीटर्सबर्ग में उनका एक अपार्टमेंट भी है, जिसे विरोधी ‘पुतिन पैलेस’ कहते हैं।
22 कोच की बुलेटप्रूफ ट्रेन: चलता-फिरता किला
कहा जाता है कि पुतिन के पास एक ऐसी ट्रेन है जो किसी चलती-फिरती किले से कम नहीं। 22 कोच वाली इस बुलेटप्रूफ ट्रेन में सब कुछ है-ऑपरेशन थिएटर से लेकर लग्जरी बेडरूम तक। एलेक्सी नवलनी की एंटी-करप्शन फाउंडेशन के अनुसार, पुतिन के पास 19 से ज्यादा महल, 700 लग्जरी गाडिय़ां, 58 विमान और एक हेलीकॉप्टर भी है। उनके एक महल की कीमत ही 100 अरब रुपये बताई जाती है।
अमेरिकी राष्ट्रपति से भी कड़ी सुरक्षा
पुतिन की सुरक्षा का स्तर अमेरिका के राष्ट्रपति से भी ज्यादा सख्त बताया जाता है। वह शायद ही किसी देश की यात्रा करते हैं, और अगर करते भी हैं तो पूरा लॉजिस्टिक तंत्र उनके साथ चलता है। जहां वे ठहरते हैं, वहां की चादरें, बर्तन से लेकर टॉयलेट सीट तक बदलवा दी जाती है। उनकी सुरक्षा में रूस की सबसे ताकतवर खुफिया एजेंसी जुटी रहती है-जिसे पुतिन खुद किसी जमाने में लीड कर चुके हैं।
निजी जीवन: जासूसी उपन्यास से भी रहस्यमय
पुतिन का पारिवारिक जीवन भी रहस्य से भरा है। उन्होंने 1983 में ल्यूडमिला पुतिना से शादी की थी, जिनसे 2013 में तलाक हो गया। उनकी दो बेटियां मारिया और कतेरीना बेहद गोपनीय तरीके से रहती हैं और शायद ही कभी सार्वजनिक रूप से नजर आती हैं। कई रिपोट्र्स का दावा है कि पुतिन का नाम रूसी जिम्नास्ट अलीना काबेवा के साथ जुड़ा है, लेकिन इस रिश्ते पर हमेशा पर्दा पड़ा रहता है।
तांत्रिक शक्तियों में आस्था!
पुतिन के धार्मिक विश्वास भी कम दिलचस्प नहीं हैं। वह रूसी ऑर्थोडॉक्स चर्च के अनुयायी हैं, मगर कहा जाता है कि वे जादू-टोना और तंत्र-मंत्र में भी भरोसा रखते हैं। कई किस्सों के मुताबिक, पुतिन कोई बड़ा फैसला लेने से पहले खास तांत्रिकों से आशीर्वाद लेते हैं और अनुष्ठान कराते हैं।
क्यों नहीं टूट पाता पुतिन का कवच?
पुतिन का रहस्यमयी कवच सिर्फ उनकी सुरक्षा एजेंसी तक सीमित नहीं है। उनके खिलाफ बोलने वालों का हश्र क्या होता है, यह भी दुनिया ने देखा है। एलेक्सी नवलनी जैसे विरोधियों के मामले इसके ताजा उदाहरण हैं। कुछ जानकारों का मानना है कि पुतिन के खिलाफ किसी भी साजिश का नाकाम होना सिर्फ हथियारों या खुफिया नेटवर्क की वजह से नहीं, बल्कि उनके रहस्यमयी ‘साइकोलॉजिकल कवच’ का भी हिस्सा है।
कहानी खत्म नहीं हुई
पुतिन का जीवन जितना सार्वजनिक नजर आता है, उससे कई गुना परदे के पीछे छुपा है। उनके रहस्य, उनकी ताकत और उनकी खुफिया दुनिया को कोई पूरी तरह समझ पाया है-ऐसा दावा शायद ही कोई कर पाए। इसीलिए जब भी दुनिया में शक्ति, डर और रहस्य की बात होती है, पुतिन का नाम खुद-ब-खुद सबसे ऊपर आ जाता है।
(नोट: हम ये दावा नहीं करते, लेकिन यह खबर प्रतीकात्मक और उपलब्ध मीडिया रिपोट्र्स पर आधारित है।)
